कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कक्ष के बाहर धरना दिया
जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पर पत्नी का अपहरण करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
मंडी धनौरा क्षेत्र के वार्ड नंबर सात से जिला पंचायत सदस्य वीरवती सैनी के पति हरपाल सिंह सैनी ने पत्नी की बरामदी को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम कक्ष के बाहर धरना दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पर वीरवती सैनी का अपहरण करने का आरोप लगाया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के तख्तापलट की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सदस्यों को अपने खेमे में करने की खींचतान शुरू हो गई है। रविवार को मंडी धनौरा क्षेत्र निवासी हरपाल सिंह सैनी पुलिस अधीक्षक से मिलेे, उन्हें तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि जिला पंचायत सदस्य पत्नी वीरवती का अपहरण कर लिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पर अपहरण का आरोप लगाया था। सोमवार को जिला पंचायत सदस्य पति हरपाल सिंह सैनी पत्नी की बरामदी को लेकर कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक उनका कलक्ट्रेट में डीएम कक्ष के बाहर धरना चलता रहा। जिला पंचायत सदस्य पति का आरोप है, जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी के पति सरजीत सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी बचाने के लिए मेरी पत्नी वीरवती सैनी का अपहरण किया है। वह तीन दिन से गायब हैं। डीएम से पत्नी की बरामदी की गुहार लगाई है। धरने पर बैठने वालों में हरपाल सिंह सैनी, पीतम सिंह, कपिल, हरिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।