धामपुुर। भीम आर्मी सेना के जिला उपाध्यक्ष विवेक सेन और विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष मंगलेश सिंह के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस नामजद रिपोर्ट दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रानीबाग कॉलोनी निवासी विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष मंगलेश सिंह पुत्र हरिओम सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 12 फरवरी को वह अपने कार्यालय में बैठा भाई दीपक कुमार से फोन कर बात कर रहा था। इस दौरान भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष विवेक सेन अपने कई साथियों के साथ उनके कार्यालय के बाहर आए और उसने कार्यालय के बाहर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आरोपी ने नौ फरवरी को भी उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उधर, फूलबाग कालोनी निवासी भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष विवेक सेन पुत्र स्व. राजेेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 12 फरवरी की शाम को जब वह घर पहुंचा तो उनके बाहर लोगों की भीड़ जमा थी और उनकी मां घबराई हुई थी। मांग कारण पूछा तो बताया कि कुछ देर पहले विश्व हिंदू महासंघ का जिलाध्यक्ष अपने साथ पांच युवकों को बंदूक लेकर आया था। कह रहा था कि तू अपने बेटे को समझा लें। हमसे पंगा लेना उसे भारी पड़ेगा। बताया कि मंगलेश ने 10 फरवरी को नगर के आतीक कादरी उर्फ गोलू के साथ भी मारपीट की थी। वह गोलू के साथ मंगलेश के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने गया था। आरोप है कि तभी से मंगलेश उससे रंजिश रखता है। कोतवाल संजय कुमार पांचाल का कहना है कि पुलिस ने दोनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।