एंबुुलेंस चालक पर पैसा मांगने का आरोप
थानाभवन। प्रसव पीड़ा के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची महिला को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला के परिजनों का आरोप है कि दूसरे अस्पताल ले जाने के नाम पर एंबुलेंस चालक ने तीन सौ रुपये मांगे। जलालाबाद निवासी हिना पत्नी नौशाद ने बताया कि रविवार शाम प्रसव पीड़ा के चलते परिजनों ने उसे थानाभवन के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया था। रात करीब साढ़े नौ बजे महिला की अचानक तबियत खराब हो गई। इस पर डॉक्टरों ने महिला को रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने दूसरे अस्पताल ले जाने के एवज में तीन सौ रुपये मांगे। पीड़ितों का कहना है कि सरकार की ओर से यह सुविधा मुफ्त में दी गई है। पीड़ितों ने इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक को शिकायत करते हुए करवाई की मांग की है। चिकित्सा अधीक्षक कांति प्रसाद ने बताया कि अभी यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर करवाई की जाएगी।