नगीना। नूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नगीना क्षेत्र में विवाह के कार्ड बांटने आया था। जब वह रिश्ते के मामा के घर पहुंचा तो उसकी नाबालिग पुत्री घर में अकेली थी। उसका पिता कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। मां व अन्य परिजन जंगल में काम करने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान युवकने किशोरी को अश्लील फिल्म दिखाते हुए उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। तभी जंगल से काम करके उसकी मां घर आ गई। किशोरी की मां को देखकर युवक मौके से फरार हो गया। किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। रिश्तेदारों के दबाव के कारण किशोरी की मां तीन दिन तक थाने नहीं पहुंची। बुधवार की शाम को पीड़िता की मां थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर सौंप कर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को चालान कर दिया।