हल्दौर। थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव मसीत निवासी रुबीना का अपने पति और ससुरालियों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि करीब 15 दिन पूर्व रूबीना परिजनों के साथ किसी परिचित से मिलाई करने बिजनौर जेल गई थी। लौटते वक्त उसका पति बिजनौर के जजी चौराहे पर खड़ा मिला और उनकी कार रुकवाकर साथ बैठ गया। गोलबाग के निकट पहुंचने पर उसके पति ने पानी पीने के बहाने कार रुकवा ली। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से एक कार उनकी कार के पास रुकी और रुबीना से पति आदि ने मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर पति ने उसे गोली मार दी और कार में अपने साथियों के साथ बैठक फरार हो गया। घायल महिला को उसके परिजनों ने दिल्ली में भर्ती कराया। कुछ दिन पूर्व महिला ने हल्दौर थाने में पहुंचकर पति शहजाद, गांव के ही आफताब की पत्नी शाहना और भूरा के खिलाफ संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना ने बताया कि महिला के पति शहजाद को बुधवार को गोलबाग तिराहे से पकड़कर चालान कर दिया गया है। जबकि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।