सहसपुर। मिट्टी की ढांग के नीच दबकर एक युवती की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई।
गांव झिल्ला निवासी राकेश की 18 वर्षीय पुत्री राखी गांव की ही अपनी सहेली खुशबू के साथ मिट्टी लेने जंगल गई थीं। जंगल में मिट्टी के एक ऊंचे टीले की तली से दोनों मिट्टी खोद रही थीं। अचानक दोनों के ऊपर मिट्टी की ढांग की मोटी परत गिर पड़ी। राखी के ऊपर मिट्टी की परत तीन फीट तक चढ़ गई। खुशबू भी मिट्टी में दब गई। खुशबू के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों भागकर आए और दोनों को निकाला। लेकिन राखी की घायल होने व दम घुटने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। खुशबू को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।