बिजनौर। पुलिस महानिदेशक के ट्विटर पर अपहरण और फिरौती मांगने की शिकायत के 72 घंटे के अंदर ही बिजनौर पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया है। हालांकि युवक अपने अपहरण की बात को झूठा बता रहा है।
थाना कोतवाली शहर के गांव झलरा निवासी मोहम्मद मोनिस ने पुलिस महानिदेशक के ट्विटर पर अपने भतीजे मोहम्मद अजीम के अपहरण और फिरौती मांगने के संबंध में 18 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर एसपी अतुल शर्मा ने पीआर सेल और कोतवाली पुलिस को युवक को बरामद करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मोहम्मद अजीम को हिमाचल प्रदेश के जिले शिमला की तहसील जुब्बल के गांव कुद्दू से बरामद कर लिया। मोहम्मद अजीम ने पुलिस को बताया कि वह बड़ भाई से कहासुनी होने पर आठ महीने पहले घर छोड़कर चला गया था। वह शिमला में सेब के बाग की देखभाल करता है। उसे बदले में 350 रुपये की दिहाड़ी मिलती है। युवक को बरामद करने वाली टीम में एसआई नितिन कुमार, उमेश चौहान, दुष्यंत कुमार, हेमंत शर्मा, नंदकिशोर शामिल रहे।