किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म
स्योहारा (बिजनौर)। दीवार फांदकर घरे में घुसकर एक व्यक्ति ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 जुलाई की रात उसकी नाबालिग बेटी अपने घर में सो रही थी। पड़ोस का एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया। उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर दूसरे कमरों में सो रहे परिवार के लोग जाग गए। परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह दीवार कूदकर भाग गया। बिरादरी के लोग और गांव के कथित नेता आरोपी के चार बच्चों का बाप होने का हवाला देकर मामले को दबाने और आपस में फैसला कराने का प्रयास करते रहे। आखिर पीड़िता के पिता ने पंचायत की बात न मानकर पुलिस में तहरीर दे दी।
उधर, थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव की किशोरी पांच जुलाई की दुपहर अपने खेत से घास लेने गई थी। अचानक वहां आए एक युवक ने किशोरी को पकड़ लिया और गन्ने के खेत में खींचने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोग आ गए। इन्होंने युवक को पकड़ लिया और थाने लाने लगे। इसी बीच युवक लोगों से छूटकर भाग गया। किशोरी के पिता का कहना है कि पांच जुलाई को ही पुलिस में सूचना दे दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने दावा किया कि तहरीर 13 जुलाई को ही दी गई है।