हीमपुर दीपा में पुलिस ने जंगल में ईख के खेत में छिपाकर रखी 751 पेटी अंग्रेजी व देशी शराब पकड़ी है। शराब माफिया पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने चार माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पकड़ी गई शराब की कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस ने गश्त के दौरान छाछरी निवासी दीपक के ईख के खेत में छापा मारकर हरियाणा राज्य की 751पेटी शराब पकड़ी हैं। इनमें 308 पेटी अंग्रेजी व 443 पेटी देशी शराब की हैं। पकड़ी गई शराब की कीमत बीस लाख रुपये की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया की यह शराब होली के त्योहार के लिए लाई गई थी । इसको क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। शराब माफिया पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने चार शराब माफिया दीपक, अंकित निवासी छाछरी व गांव चौकपुरी निवासी दीपू व गांव झाल निवासी नीरज के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध शराब का कारोबार करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। शराब पकड़े जाने से माफिया में खलबली मची है। पुलिस के मुताबिक जंगल में माफिया ने शराब होली के त्योहार के लिए छिपा कर रखी थी।
वहीं कोतवाली देहात में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने सूचना पर गाव शादीपुर में छापा मारा। पुलिस ने शादीपुर निवासी रामपाल सिंह के घर के पीछे पड़ी पुआल के ढेर से केन में रखी 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने रामपाल सिंह का चालान कर दिया।