पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दबोचे दो बदमाश
बिजनौर। किरतपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के दौरान ने डकैती की योजना बनाते दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन बदमाश फरार हो गए। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव भनेड़ा की नहर खटाई की पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान डकैती की योजना बना रहे दो बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया। उनके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों में किरतपुर थाने के गांव भनेड़ा निवासी रियाज, नजीबाबाद के मोहल्ला रवनावाला निवासी जहीरुद्दीन हैं। बदमाशों से एक पिकअप गाड़ी, दो भैंस, एक कटिया, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि गैंग ने बरामद भैंस मेमन सादात से चोरी की थी। गांव भनेड़ा से भी कई घरों से भैंस चोरी कर चुके हैं। गैंग ने कोतवाली देहात और बिजनौर क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दिया है। अब गैंग डकैती डालने की योजना बना रहा था। इसके लिए गैंग के सदस्य अम्हेड़ा नहर के पास एकत्र हुए थे तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।