हल्दौर। गांव जलाउदीपुर में उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत मीटर लगाने का काम चल रहा है। शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे टीम के कुछ सदस्य गांव में उपभोक्ताओं के घरों में मीटर फिटिंग करने पहुंचे। हरिश्चन्द्र, लाखन सिंह, सुशील कुमार, इकराम, इसरार कलवा सिंह का आरोप है कि टीम घरों में मीटर लगाने के नाम पर दो सौ रुपये से पांच सौ रुपये तक की अवैध धन वसूली कर रहे थे। जबकि गांव में मीटर निशुल्क लगाने के आदेश दिए गए है। इसे उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने टीम को बंधक बना लिया और जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना पाकर अम्हेड़ा चौकी पुलिस व निगम के एसडीओ संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कर टीम को बंधन मुक्त कराया। मौके पर मौजूद निजम के एसडीओ मौके की जांच में जुटे है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।