मछली व्यापारी से 30 हजार लूटे
बेगावाला। बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर मछली व्यापारी से 30 हजार रुपये लूट लिए। मामले की तहरीर बेगावाला पुलिस चौकी में दी गई है। मेरठ के थाना केसरगंज के मोहल्ला माहिरान निवासी सलीम मछली का कारोबार करता है। शुक्रवार सुबह वह मंडावली क्षेत्र के गांव नवलपुर से मछली खरीदने आया था। जब वह नवलपुर के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने सलीम को तमंचे से आतंकित करते हुए 30 हजार की नगदी लूट ली और फरार हो गए। सलीम ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।