मंगेतर को प्रेमी समझकर पीटा
बिजनौर। बढ़ापुर के एक युवक की शादी मोहल्ला काजीपाड़ा की एक युवती से तय हुई थी। बृहस्पतिवार को युवक अपनी मंगेतर के साथ बाइक से घूम रहा था। युवक ने अपनी बाइक गांव पेद्दा व झलरा के बीच एक खेत के बाहर खड़ी कर दी और खेत में चला गया। इस बीच उसकी मंगेतर बाहर खड़ी थी। इस दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गये। उन्होंने दोनों को प्रेमी युगल समझा और युवक के साथ मारपीट कर दी। घबराए युवक ने फोन पर पुलिस को बदमाशों द्वारा उसकी बाइक लूटे जाने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सारा मामला पता चला। बाइक भी मौके पर खड़ी मिली। वहीं, मारपीट करने वाले अभिजीत, लवी, बाबी और दीपू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाल बिजेंद्र पाल राणा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।