नूरपुर। एक एनजीओ की ओर से सदस्य बनाकर ऋण देने के नाम पर क्षेत्र की 200 से अधिक महिलाओं से लाखों रुपये ठग लिए । सोमवार को महिलाएं एनजीओ के कार्यालय पर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखा सामान कब्जे में ले लिया। ठगी का शिकार हुई एक महिला के पति की ओर से पुलिस को तहरीर दी है।
नूरपुर में ब्लॉक कार्यालय के पास कुछ दिन पहले एक एनजीओ का कार्यालय खुला था। कार्यालय में काम करने वाले युवकों ने खुद को दिल्ली में पंजीकृत एनजीओ के सदस्य बताते हुए गांव-गांव जाकर महिलाओं को घरेलू उद्योग लगाने के लिए 50 हजार ऋण दिए जाने का झांसा दिया। इसके लिए उन्होंने नगर के कुछ मोहल्लों के अलावा गांव अथाई जमीरुद्दीन, बिडार, रामपुर आदि कई गांवों की 200 से अधिक महिलाओं से सदस्यता शुल्क के रूप में दो-दो हजार रुपये वसूल लिए। मोटी रकम जमा हो जाने पर युवक कार्यालय में ताला डालकर फरार हो गए। सदस्य बनी महिलाएं सोमवार को एनजीओ के कार्यालय पहुंची तो वहां ताला लगा देखकर उन्हें ठगे जाने का पता लगा। इस दौरान वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एनजीओ कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखा फर्नीचर व अन्य सामान कब्जे में ले लिया। बाद में महिला थाने पहुंची तथा वहां मौजूद इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह को मामले की जानकारी देकर आरोपियों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। गांव अथाई जमीरुद्दीन निवासी महबूब आलम की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने महिलाओं को मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।