नहटौर। रंजिश के तहत महिला ने अपने भाइयों के साथ मिलकर एक युवक के ऊपर केरोसिन छिड़कर आग लगा दी। आरोप है कि युवक का महिला की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने वारदात को अंजाम दे डाला। झुलसे युवक को बिजनौर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। वहीं कोतवाल ने तहरीर मिलने के बाद जांच करने की बात कही है।
गांव महमूदपुर कामिल उर्फ नरगदी नवादा निवासी रईस अहमद का आरोप है कि हमारे पड़ोसी गांव खोसपुरा की एक महिला अपने भाई और अपने पिता के साथ रंजिश के तहत उसके घर में घुसकर पुत्र नवाब अहमद को पकड़ लिया। नवाब चारपाई पर लेटा हुआ था। जबरन उसके ऊपर केरोसिन छिड़कर आग लगा दी। शोर होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पिता रईस अहमद का कहना है कि उसके बड़े पुत्र नजीम ने भी करीब दस वर्ष आरोपी महिला के साथ निकाह किया था। आरोपी महिला पीड़ित युवक नवाब की भाभी है। उसके बाद उनमें रंजिश चलने लगी। उनके पुत्र नवाब का भाभी की बहन से प्रेम प्रसंग हो गया। इसी से क्षुब्ध होकर युवती के परिजन उनसे रंजिश रखने लगे। झुलसे युवक की भाभी भी अपने घरवालों के साथ हो गई। तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दे डाला। वारदात के बाद घर से फरार हो गए ।झुलसे युवक का मेरठ में उपचार चल रहा है। उधर, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि युवक अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था। युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी से युवक नाराज चल रहा था। चार दिन पूर्व भी इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। वहीं कोतवाल चंद्रकिरण ने तहरीर मिलने के बाद जांच की बात कही है।