अमरोहा। कार सवार बदमाशों ने उझारी के निकट एक पेट्रोल पंप पर लूट को अंजाम दिया। इन्होंने सेल्समैन से मारपीट करते हुए बीस हजार रुपये लूट लिए। वहीं कार में तेल डलवाकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। उधर पुलिस ने बदमाशों की तलाश को कांबिंग की लेकिन, सफलता हाथ नहीं लगी।
हसनपुर संभल मार्ग स्थित इंडियन गैस एजेंसी के गोदाम के सामने एक पेट्रोल पंप है। जिस पर बुधवार की रात नौ बजे कुछ युवक सफेद कार लेकर पहुंचे। कार में तेल से टंकी फुल कराकर चल दिए। जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो उन्होंने सेल्समैन से अभद्रता करते हुए मारपीट की। उसके पास से तेल की बिक्री किए बीस हजार लूट कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सैल्समैन तुरंत पंप मालिक जाकिर अली को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एसओ सैदनगली ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिसमें आरोपी सफेद कार लेकर आते हुए और सेल्समेन के साथ मारपीट करते हुए साफ दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने आस-पास के रास्तों पर कांबिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है लुटेरों ने पुलिस से बचने के लिए उझारी ढबारसी मार्ग पर गाड़ी को अंधाधुंध दौड़ाया। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर गांव पुटसल के करीब खंदक में पलट गई। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। गाड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पेट्रोल पंप स्वामी जाकिर अली ने लुटेरों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। थाना सैदनगली पुलिस घटना को सिर्फ तेल कम नापने पर हुई मारपीट बता रही और लूटपाट से इंकार कर रही है।