लिंग परीक्षण में केंद्र संचालक समेत चार फंसे, दो गिरफ्तार
हसनपुर।
भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक और डाक्टर समेत चार लोग फंस गए हैं। कोतवाली हसनपुर में चार लोगों के खिलाफ विभिन्न आईपीसी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने महिला डाक्टर और दलाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
हरियाणा प्रांत के सोनीपत स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिला के भ्रूण लिंग परीक्षण कराने और कन्या भ्रूण हत्या की शिकायत मिल रही थी। इस पर सोनीपत के सचल दल ने सोमवार को जाल बिछाया और अपनी ओर से एक गर्भवती महिला को मिथ्या के रूप में दलाल के पास भेजा था। दलाल से भ्रूण लिंग परीक्षण करा कर गर्भपात कराने तक की बात तय हो गई थी। इस पर महिला दलाल के साथ मेरठ गई थी। वहां बात नहीं बनी तो शाम दलाल महिला को लेकर हसनपुर के अंबेडकर पार्क के निकट स्थित बीएमआर पैथलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड केंद्र पर पहुंचा था। जहां डाक्टर ने लिंग परीक्षण कर गर्भपात करने के लिए स्वीकृति दे दी। फार्म भी भरवा दिए थे। वहीं सचल दल की सूचना पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जिला अमरोहा की तीन सदस्यीय टीम मंडी धनौरा के उप जिलाधिकारी गंभीर सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. दिनेश खत्री, डा. श्रीराम शर्मा को सचल दल के साथ भेज कर छापा मारी कराई थी। भ्रूण लिंग परीक्षण का भंडाफोड़ किया था। कागजात कब्जे में कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने एसीएमओ डा. दिनेश खत्री की ओर से डाक्टर सना, दलाल सूरज, डा. विवेक बैकन और डा. रजनीश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डा. सना और दलाल सूरज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।