नगीना। गांव धीमाहेड़ी में एक बेटे ने पारिवारिक रंजिश के चलते मां बाप को कमरे में बंद कर केरोसिन छिड़कर जलाने की कोशिश की।
गौरतलब है कि चार दिन पहले शिवध्यान की पत्नी रेनू संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई थी। वह गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। गंभीर हालत में झुलसी रेनू ने सास ससुर सहित दो अन्य लोगों पर केरोसिन डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। इससे आक्रोशित पति शुक्रवार को जिला अस्पताल से घर पहुंच गया। वह घर पहुंचकर मां बाप पर पत्नी को जलाने का आरोप लगाते हुए भड़क गया। पिता रामकिशन का आरोप है कि बेटे शिवध्यान ने उन्हें कमरे में बंद कर बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि मां कमलेश देवी को आरोपी बेटे ने केरोसिन छिड़कर जलाने की कोशिश की। वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। सीएचसी प्रभारी डा. नवीन का कहना है कि वृद्घा की हालत स्थिर है। वह 30 प्रतिशत झुलसी है। जरूरत पड़ने पर बाहर रेफर किया जाएगा। उधर कोतवाल अखिलेश प्रधान ने मामले में जांच कर आरोपी पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।