किरतपुर। कृषि उत्पादन मंडी समिति में दो सब्जी विक्रेताओं के बीच खाली बारदाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद जमकर ईंट पत्थर चले। इसमें दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मंगलवार की सुबह मंडी समिति स्थित एक आढ़त पर दो सब्जी विक्रेताओं के बीच खाली बारदाने को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी की देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। एक पक्ष के मोइनुद्दीन, मुजीब, फैजान, दूसरे पक्ष के शाकिर, कैफ, राशिद घायल हो गए। पथराव के दौरान सब्जी मंडी में अफरा तफरी मच गई। इससे अन्य कई आढ़तियों को काफी नुकसान पहुंचा। सभी घायलों को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों में दो की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।