हरेवली में शराब तस्करों ने पुलिस को दौड़ाया
हरेवली (बिजनौर)। शराब तस्कर को पकड़ने गई पुलिस और तस्करों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस को तस्करों से जान बचाकर अपनी बाइक को छोड़ कर भागना पड़ा।
शेरकोट थाने में गांव शाहनगर कुराली और बढ़ापुर थाने के गांव मघपुरी के जंगल में राय सिख जाति के लोग जंगलों में कच्ची शराब तैयार करते हैं और उसकी सप्लाई देहात में दूर तक करते हैं। पुलिस को इसकी ठीक तरह तरह से जानकारी रहती है। बताया गया कि सोमवार की शाम हरेवली पुलिस चौकी पर तैनात एक दरोगा और सिपाही अपनी बाइक से शराब तस्कर को पकड़ने जा रहे थे। इस दौरान गांव शाहनगर कुराली से निकलने के बाद जंगल में एक तस्कर शराब बनाता मिला। पुलिस ने इस तस्कर को बाइक सहित पकड़ कर थाने ले जाने लगी। पुलिस कुछ ही दूर पहुंची थी कि तस्कर ने घटना से अपने और साथियों को अवगत करा दिया। कुछ ही दूर में एक दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर मोके पर पहुंचे और पुलिस को घेर लिया। आरोप है कि तस्करों ने पुलिस के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने अपने घिरा देख वहां से अपनी बाइक और पकड़े तस्कर को तो जल्दबाजी में वहीं छोड़ दिया और तस्कर की बाइक को लेकर सिपाही और दरोगा ने किसी तरह से भाग कर जान बचाई।
एसओ शिशुपाल शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामले के संज्ञान में आने के बाद शराब तस्करों को पकड़ने को गांव मघपुरी और आसपास के जंगल में दबिश दी। लेकिन कोई आरोपी हाथ नहीं लग सका है। आरोपी दारोगा और सिपाही ने लगे आरोपों को गलत बताया है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।