बदमाश को जिला अस्पताल से मेरठ हायर सेंटर रेफर किया
होमगार्ड के जिला कमांडेंट कार्यालय के निकट बीती रात हुई मुठभेड़
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
शहर कोतवाली पुलिस और स्वाट ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जबकि उसके दो साथी भाग गए। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में दो सिपाही भी जख्मी हुए हैं। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल सिपाहियों को भी भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान हत्थे चढ़े बदमाश के खिलाफ अमरोहा समेत पास पड़ोस के कई जनपदों में 41 मामले दर्ज हैं। एसपी व एएसपी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में मुठभेड़ का खुलासा किया।
बृहस्पतिवार की रात दो बजे कोतवाल पीके सिंह पुलिस टीम के सात लकड़ा चौराहा पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच नौगावां सादात की दिशा से बाइक सवार तीन बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाश टीपी नगर चौराहा की तरफ भाग निकले। बदमाशों को भागते देख पुलिस पीछे लग गई। वायरलेस सैट से पुलिस अफसरों को सूचना दे दी। एसपी के निर्देश पर स्वाट प्रभारी उदय प्रताप सिंह पुलिस बल लेकर टीपी नगर चौराहा पर पहुंच गए। इधर बदमाशों का पीछा करते हुए कोतवाली पुलिस भी आ गई। शातिर बदमाश पीछा कर रही पुलिस से बचते हुए जोया की तरफ भागे। इसके बाद बदमाश होमगार्ड के जिला कमांडेंट कार्यालय मकसूदपुर नवादा मार्ग की तरफ से पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। पुलिस के समर्पण को कहने पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बचाव के लिए पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग की गई। पैर में गोली लगने से बाइक सवार बदमाश सतपाल पुत्र चरण सिंह निवासी पाड़ली थाना आदमपुर घायल हो गया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए। मुठभेड़ के दौरान दो सिपाही भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश सतपाल तथा घायल सिपाही विवेक व कुलदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। एसपी संतोष कुमार मिश्रा व एएसपी बृजेश सिंह ने पुलिस कार्यालय सभागार में प्रेस वार्ता के जरिए खुलासा किया। एसपी ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन ने टीम को 15 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है।
15 हजार का ईनामी बदमाश है सतपाल
कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम द्वारा बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया बदमाश सतपाल निवासी पाड़ली 15 हजार का ईनामी है। उसके खिलाफ 41 मामले दर्ज हैं। उसके पास से पिस्टल 32 बोर, 9 कारतूस, पांच खोखा कारतूस 32 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर तथा 4 खोखा कारतूस 12 बोर व एक बाइक बरामद की। पुलिस अफसरों के मुताबिक वह शातिर बदमाश है। पुलिस पार्टी पर सीधी गोली चलाता है।
संगीन धाराओं में 41 मामले दर्ज हैं
पुलिस आफिस में एसपी संतोष कुमार मिश्र व एएसपी बृजेश सिंह ने बृहस्पतिवार की रात पुलिस मुठभेड़ का खुलासा करते हुए कहा कि घायल बदमाश सतपाल शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ आदमपुर, सैदनगली, डिडौली, संभल के हयातनगर, चंदौसी, नखासा, बनियाठेर, असमोली, बिजनौर के चांदपुर और मुरादाबाद के मैनाठेर थाने में जानलेवा हमला, लूट, डकैती जैसी संगीन धाराओं में 41 मामले पंजीकृत हैं। अभी जल्दी में ही उसने पशु व्यापारी से दिन दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि फरार हुए साथियों को भी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।