चलती बस में नशा सुंघाकर यात्री को लूटा
मंडावली (बिजनौर)। बस में सफर कर रहे एक यात्री को जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशा सुंघाकर सोने की अंगूठी और नगदी लूट ली।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव कांठपुर निवासी विकास दिल्ली में रहकर पेंट का काम करता है। बुधवार रात विकास दिल्ली से अपने गांव आ रहा था। रोडवेज बस में अज्ञात लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। बस के नजीबाबाद पहुंचने पर बस परिचालक ने विकास को बस से उतरने को कहा, लेकिन विकास बेहोश मिला। अन्य यात्रियों एवं रोडवेज कर्मियों ने उसे जगाने का प्रयास किया। होश आने पर विकास ने बस परिचालक को आपबीती बताई। सूचना मिलने पर विकास के परिजन भी नजीबाबाद पहुंच गए। विकास ने परिजनों को उसके साथ घटी लूटपाट की जानकारी दी। विकास ने बताया कि बस में उसे अज्ञात लोगों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके पास से 1300 रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली। परिजन विकास को प्राइवेट उपचार के बाद अपने साथ घर ले गए। घटना के संबंध में तहरीर पुलिस को नहीं सौंपी गई।