बिजनौर। नजीबाबाद पुलिस ने चोरी की पांच बाइकों के साथ एक चोर को धर दबोचा। चोर हरिद्वार व देहरादून से बाइक चोरी करके सस्ते दामों में बेचता था। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक पुलिस ने बाइक से जा रहे नजीबाबाद के कस्बा साहनपुर निवासी नौशाद को मंडावली जाने वाले रास्ते पर दबोच लिया। उसके पास से चोरी की बाइक मिली। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो नौशाद ने राजचरण सिंह इंटर कॉलेज के सामने बने खंडहर में छिपाकर रखी चार चोरी की बाइक और बरामद कराई। नौशाद ने बताया कि वह देहरादून व हरिद्वार से बाइक चोरी करता है। जो बाइक पुलिस ने उसके पास से बरामद की थी, वह भी उसने हरिद्वार से चोरी की थी। चोरी की बाइक पहले वह इकट्ठा करता है और बाद में बेचता है।