किशोरी ने फांसी लगा की आत्महत्या
नींदडू़। पिता के डांट से नाराज किशोरी ने बुधवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा रात में ही शव का अंतिम संस्कार करने से ग्रामीण मामला संदिग्ध मान रहे हैं। बुधवार को क्षेत्र के गांव के एक परिवार में 17 वर्षीय किशोरी के पास मोबाइल फोन देखा गया। परिजनों को संदेह हुआ कि उसे मोबाइल फोन किसी लड़के ने दिया होगा। इस बाबत किशोरी से जानकारी की गई। पिता ने पुत्री को डांटते हुए मोबाइल देने वाले किशोर के बारे में पूछताछ की। हालांकि रात में किशोरी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। पिता के अनुसार किशोरी ने उसके डांटने मात्र पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।