बंधक बने व्यक्ति को ग्रामीणों ने शर्त रख छोड़ा
रेहड़।। मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बताया गया है कि इस गांव में एक युवक की शादी काशीपुर की एक युवती से हुई। बताया गया कि शादी के नाम पर युवक ने शादी कराने वाले लोगों से मिलकर उन्हें 70 हजार की रकम दी थी। शादी के तीन दिन बाद दुल्हन ने पति और अपने सुसरालवालों को रंग दिखाना शुरू कर दिया। दुल्हन के रंग दिखाने से परिवार के लोग तनाव में आ गए। ग्रामीणों ने इसकी शिकयत शादी कराने वालों से की। बुधवार को जैसे ही मध्यस्तता करने वाला सदस्य दुल्हन लेने को संबंधित गांव पहुंचा तो उसे देख दुल्हन ने घर का जेवर व अन्य कीमती सामान को अपने साथ ले जाने को समेटना शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने दुल्हन को लेने पहुंचे व्यक्ति को बंधक बना लिया। देर रात तक पंचायत होती रही लेकिन मामला नहीं निपटा। ऐसे में पंचों ने कहा कि वह अब महिला को घर में नहीं रखेंगे। इसलिए आरोपी व्यक्ति को 70 हजार की रकम को वापस करना होगा। इस शर्त पर उसे छोड़ दिया और कहा कि वह बृहस्पतिवार की शाम तक रकम लेकर आए और दुल्हन को लेकर जाए। लेकिन शाम तक आरोपी व्यक्ति रकम लेकर गांव में नहीं पहुंचा था। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। उधर थानाध्यक्ष संजय कुमार यादव ने कहा है कि यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।