बालक के साथ दुष्कर्म, पंचों ने माफी मांगने पर आरोपी को छोड़ा
अफजलगढ़। क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम युवक ने आठ वर्षीय बालक के साथ कुकर्म किया। बताया गया कि आठ वर्षीय बालक अपनी नानी के घर आया हुआ था। उसके घर के पास रहने वाला युवक उसे बहला फुसलाकर बाइक पर बैठाकर जंगल ले गया और उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर आरोपी बालक को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। मालूम करने पर बालक ने सारा वाकया बताया। बालक की हालत बिगड़ती देख उसे एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। बालक की गंभीर स्थिति देख उसे जसपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले मे गांव के ही कथित नेताओं ने पीड़ित परिवार को कानूनी कार्रवाई करने से रोक दिया। बुधवार शाम इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई। जिसमें पंचों ने आरोपी को माफी मंगवा कर छोड़ दिया। जिससे पीड़ित बालक के परिजनो में जबरदस्त आक्रोश है। वहीं, कोतवाल आशुतोष कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।