छह लोगों को नामजद कराया
नजीबाबाद। जट्टीवाला जमीन विवाद में छह नामजद और पांच अज्ञात व्यक्तियों पर बैनामाशुदा जमीन पर अवैध कब्जा करने और फसल काटने के दौरान जानलेेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा पक्ष पहले ही एक वरिष्ठ अधिवक्ता सहित तीन के खिलाफ जानलेवा हमला करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा चुका है।
गांव अमीखानपुर उर्फ जट्टीवाला में तीन दिन पूर्व हुआ जमीन का विवाद तूल पकड़ रहा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमीन पर अवैध कब्जा करने, फसल काटने और जानलेवा हमला करने की तहरीर पुलिस को सौंपी है। बढ़ापुर निवासी शराफत हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने पठानपुर निवासी याकूब उर्फ बाबू, यामीन, आसिफ, मुगलूशाह निवासी सरफराज, हवेलीतला निवासी जमीर व शुएब पर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शराफत का आरोप है कि गुरजीत सिंह बनाम याकूब नाम से मुंसिफ न्यायालय में वाद पंजीकृत है। आरोप है कि 22 अप्रैल 2018 को उनकी बैनामाशुदा और दाखिल खारिज की जमीन पर उनका कब्जा है। गेहूं, गन्ने की खेती के साथ यूकेलिप्टस और आम के पेड़ भूमि पर खड़े हैं।
शराफत का आरोप है कि संबंधित जमीन के पक्ष में गुरजीत सिंह बनाम याकूब मामले में न्यायालय ने उनके पक्ष में दस्तावेज सही पाए थे। फसल बोने तथा कब्जा होने की स्थिति में छह आरोपियों ने उसके नौकर आदि पर जानलेवा हमला बोल दिया। जिससे नौकर व अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर सरफराज की ओर से नजीबाबाद निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता विजय शर्मा, बढ़ापुर निवासी शराफत हुसैन तथा मथुरापुर मोर निवासी गुरजीत सिंह काका के खिलाफ उनके द्वारा जोती और बोई जा रही जमीन पर खड़ी फसल को खुर्दबुर्द करने से रोकने पर जानलेेवा हमला और फायरिंग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।