नजीबाबाद। मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि साथी द्वारा किए गए हमले में एक युवक की जान चली गई। मृतक के परिजनों ने दो साथी युवकों पर रंजिशन पुत्र की हत्या करने की तहरीर पुलिस को सौंपी है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी हमलावर युवक फरार हो गए।
मोहल्ला मुगलूशाह निवासी शहजाद के 20 वर्षीय पुत्र शहबाज का शनिवार को किसी बात को लेकर पड़ोसी युवक जीशान पुत्र खुर्शीद से विवाद हो गया। बताया जाता है कि जीशान ने डंडे से शहबाज के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे शहबाज घायल हो गया। घायल शहबाज को प्राइवेट उपचार दिलाया गया। हालत में कुछ सुधार होने से परिजनों ने अभी राहत की सांस ली ही थी कि रात सोते समय अचानक घायल युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन घायल शहबाज को सेंट मेरी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। सिर में गंभीर चोट से घायल शहबाज को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों व आरोपी पक्ष के बीच समझौता न होने पर मृतक पक्ष की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा, एसएसआई राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने रंजिश के चलते दो युवकों पर लाठी-सरियों से शहबाज पर जानलेवा हमला करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के पिता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में जीशान और फरीद पर शहबाज की हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
दो हत्यारोपी नामजद
नजीबाबाद। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा गया है। पिता शहजाद की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।