हल्दौर। महाराष्ट्र पुलिस ने एक गांव में छापा मारकर अपने प्रेमी संग फरार होकर आई एक किशोरी को दबोच लिया, जबकि युवक भाग निकला।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक महाराष्ट्र राज्य की मुंबई में हेयर कटिंग सैलून चलाता था। ग्रामवासियों के अनुसार उक्त युवक का उसी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब दो माह पूर्व युवक अपनी प्रेमिका को लेकर अपने आ गया। युवक ने गोपनीय तरीके से अपनी प्रेमिका से निकाह कर लिया। उधर, युवती के पिता ने उसी समय संबंधित थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। महाराष्ट्र पुलिस रविवार की दोपहर करीब बारह बजे स्थानीय पैजनियां चौकी पुलिस के साथ गांव पहुंची। उक्त प्रेमी युवक के घर छापेमारी की। युवक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसकी प्रेमिका को दबोच लिया। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार बरामद युवती नाबालिग बताई गई है। पुलिस युवती को अपने साथ महाराष्ट्र ले गई। उधर, पैजनियां पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस उक्त मामले में बरामद युवती को अपने साथ ले गई।