बिजनौर। चांदपुर के बाद बिजनौर में बाबरी मस्जिद से जुड़े भड़काऊ पोस्टर कई जगह लगे मिले हैं। इसे लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये पोस्टर कौन लगा रहा है। पोस्टर रात के अंधेरे में मुस्लिम इलाकों में दीवारों पर चस्पा किए जा रहे हैं।
शनिवार को चांदपुर में रोडवेज बस स्टैंड की मुख्य दीवार व अन्य जगहों पर ये पोस्टर लगे थे। पोस्टर पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया संगठन के नाम से छपवाए गए हैं। पोस्टरों पर बाबरी मस्जिद के दोबारा निर्माण कराने संबंधी बातें लिखी गई हैं। अनेक मुस्लिम संगठन काला दिवस मनाते हैं और हाथ पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हैं। हिंदू संगठन इस दिन को शौर्य दिवस के रूप में मनाते हैं। छह दिसंबर को प्रशासन द्वारा शांति व सुरक्षा की दृष्टि से विशेष चौकसी बरती जाती है। रविवार को मोहल्ला चाहशीरी की एक गली समेत कई स्थानों पर बाबरी मस्जिद से जुड़े भड़काऊ पोस्टर लगे मिले हैं। पोस्टर किसने लगाए हैं यह किसी को नहीं पता। दीवारों पर पोस्टर लगे देख लोग खुद हैरान हैं। एक-दूसरे से पोस्टर लगाने वालों के बारे में पता कर रहे हैं। पुलिस भी संबंधित संगठन के पदाधिकारियों का पता लगाने में जुट गई है। सीओ सिटी गजेंद्रपाल सिंह के मुताबिक वे पुलिस को भेजकर इस मामले को दिखा रहे हैं। जांच कराकर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा करने पर रिपोर्ट दर्ज की
चांदपुर। पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया संगठन के नाम से चस्पा पोस्टर को राष्ट्रीय अखंडता की भावना के प्रतिकूल और सौहार्द बिगाड़ने वाला मानते हुए एसएसआई सिमरजीत कौर की ओर से अज्ञात के खिलाफ धारा 153 ख (1) ग आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विश्व हिंदू महासंघ कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा करने के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसएसआई को सौंपा है। कहा गया है कि चांदपुर शहर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है। निकाय चुनाव के नतीजे आने के 24 घंटे के अंदर नगर का माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से पोस्टर लगाए गए हैं। महासंघ ने मुख्यमंत्री से संगठन को प्रतिबंधित करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पीयूष अरोड़ा, कमल सिंह, अनुभव भटनागर, कुलदीप शर्मा, प्रशांत शर्मा, संदीप आदि शामिल रहे।