शिक्षिका के बंद मकान
को चोरों ने खंगाला
अमर उजाला ब्यूरो
धामपुर (बिजनौर)।
चोरों ने चार दिन से बंद पड़े शिक्षिका के घर को खंगाल डाला। वे 25 हजार की नकदी सहित करीब दो लाख कीमत का सामान चोरी कर ले गए।
गांव अलावलपुर निवासी और गांव कटियामहमनपुर जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षिका मृदुला कुमारी ने बताया कि उनके पति वीरेंद्र कुमार सिंह हरिद्वार ज्वालापुर स्थित बीएचईएल फैक्ट्री में काम करते हैं और वहीं आवास में रहते हैं। बेटा दिल्ली में इंजीनियरिंग कर रहा है। वह चार दिन पहले घर का ताला लगाकर पति के साथ हरिद्वार गई थीं। शुक्रवार को एक पड़ोसी ने घर के ताले टूटे होने की जानकारी फोन पर दी। शुक्रवार देर रात लौटी शिक्षिका ने देखा कि चोर 25 हजार रुपये नकद, बैड के गद्दे, फ्रिज, वाशिंग मशीन, तीन सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, पीतल के बर्तन, दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी पायजेब, बिछुए, गोल्टा, कलर टीवी व अन्य कीमती सामान ले गए। शिक्षिका मूलत: अफजलगढ़ थाने के गांव उद्योवाला की निवासी है। 11 साल से वे अलावलपुर में मकान बनाकर रह रही हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
फोटो चार