प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर एक लाख हड़पे
अफजलगढ़। गांव रसूलपुर निवासी एक व्यक्ति ने रेहड़ थाने के गांव केहरीपुर निवासी व्यक्ति पर किसान पत्र बनवाने के नाम पर एक लाख रुपये हड़पने और फर्जी किसान पत्र थमा देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। गांव रसूलपुर निवासी अवतार सिंह पुत्र अमरीक सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि तीन दिसंबर 2018 को किसान पत्र बनवाने के लिए केहरीपुर निवासी कृष्णपाल पुत्र चेतराम सिंह उससे मिला और एक लाख दस हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि कृष्णपाल सिंह ने उसे एक फर्जी किसान पत्र थमा दिया। जब उसे प्रमाण पत्र के फर्जी होने का पता चला तो उसने विरोध जताया। आरोपी से पैसे मांगे तो उसने गाली गलौज करते हुए उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।