जेल में बंद युवक की उपचार के दौरान मौत
कासमपुरगढ़ी। गांव मानियावाला निवासी एक 20 वर्षीय युवक की हल्द्वानी जेल मेें उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन सूचना मिलने पर शव लेने के हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। गांव मानियावाला निवासी दानिश पुत्र मोबिन को उत्तराखंड पुलिस ने नौ मार्च को जसपुर की एक मस्जिद से चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही नागरिकों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर चालान कर दिया था। तब से आरोपी हल्द्वानी की जेल में बंद था। इस दौरान युवक की जेल में अचानक हालत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने गंभीर हालत में उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया था। कई दिन से वह अस्पताल में उपचाराधीन था। जहां उसकी मंगलवार को मौत हो गई। घटना का पता लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही आनन फानन में परिजन हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।