बढ़ापुर। थाना क्षेत्र के गांव शाहलीपुर कोटरा उर्फ गांवड़ी निवासी अकील शाह का पुत्र अनीस (28) पिछले कई वर्षों से कश्मीर में चाट-पकौड़ी का ठेला लगाता था। कश्मीर में किराये के कमरे पर अनीस के साथ उसका छोटा भाई वसीम भी रहता था। बताया जाता है कि गत बृहस्पतिवार की रात्रि को अनीस का भाई वसीम अपने कमरे पर आया तो अनीस कमरे में बैठा टीवी देख रहा था। वसीम कमरे में सो गया। सोकर उठने पर वसीम ने देखा कि उसके भाई अनीस के सिर से खून बह रहा है। वसीम ने क्षेत्रीय पुलिस को घटना की सूचना दी तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अनीस को उपचार के लिए अस्पताल ले गयी। जहां चिकित्सकों ने अनीस को मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में मृतक के भाई वसीम ने पास के थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव को मृतक के भाई वसीम के सपुर्द कर दिया। मृतक अनीस का शव शनिवार को यहां गांव पहुंचने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अनीस के दो छोटे बच्चें भी हैं।