मंडावर। गांव शहवाजपुर व पदमपुर के बीच स्थित ईंट भट्टे के पास शहवाजपुर निवासी जागन सिंह के गन्ने के खेत में करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ सिटी महेश कुमार और थाना प्रभारी अंशुमाली भारती ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने शव की शनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी के मुताबिक व्यक्ति के दाहिने हाथ पर ओम राम व बाएं हाथ पर बिच्छू की आकृति गुदी हुई है। तोते जैसे रंग की शर्ट, काली जैकेट व सफेद रंग की पैंट पहन रखी है। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। मौत का कारण जानने के लिए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।