पेट्रोल से भरे ड्रम गायब करने का आरोप
नहटौर (बिजनौर)।
ग्रामीणों ने टैंकरों से तेल चोरी पकड़ने वाली पूर्ति विभाग की टीम पर कार्रवाई में खेल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एक ही गोदाम स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां से मिले पेट्रोल से भरे ड्रम गायब कर दिए गए। उन्होंने कमिश्नर से जांच कराने की मांग की है। गौरतलब है कि पूर्ति विभाग की टीम ने गांव खंडसाल में छापा मारकर तीन स्थानों से डीजल-पेट्रोल के भरे और खाली ड्रम पकड़े थे। रिपोर्ट में आठ ड्रमों में 15 सौ लीटर डीजल और 36 खाली ड्रम गांव खंडसाल के सतीश कुमार की दुकान से पकड़ना दिखाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि टीम ने सतीश की दुकान के अलावा गांव गिंदौरी के रास्ते पर बनी दुकान व उससे कुछ दूरी पर एक खेत से डीजल व पेट्रोल से भरे ड्रम पकड़े थे। टीम ने एक ही दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि दूसरे स्थानों का जिक्र नहीं किया है। यहां से मिले पेट्रोल से भरे ड्रमों को भी गायब कर दिया गया है।