व्यापारियों का थाने में हंगामा
नूरपुर। सड़क हादसे में हुई आरएसएस के नगर संघ संचालक की मौत के एक सप्ताह बाद भी आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए व्यापारियों ने थाने में हंगामा किया। प्रभारी निरीक्षक के शीघ्र ही गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर व्यापारी शांत हुए। नूरपुर के इलेक्ट्रानिक व्यापारी एवं संघ के नगर संघ संचालक राजेंद्रनाथ जोशी और उनके पौत्र शिवा की एक सप्ताह पूर्व ब्लॉक तिराहे के पास ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जबकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया था। घटना के एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार नही कर सकी है। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष तसलीम अहमद और नगर महामंत्री सरदार रवेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह सोलंकी का घेराव कर ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। व्यापारियों ने चेताया कि शीघ्र ही चालक की गिरफ्तारी नही हुई तो बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक राजेश सोलंकी ने व्यापारियों को समझाया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। तथा शीघ्र ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस दौरान संदीप जोशी, राहुल जोशी, अजयवीर चौधरी, मुकेश जोशी, मुकुल गुप्ता, शाहनवाज आलम, अंकित जोशी रहे।