सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत
बिजनौर/ हल्दौर। स्कूटी से स्कूल जा रही शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। शिक्षिका की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
बिजनौर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी रजनीश चौहान राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर में शिक्षक है। उनकी पत्नी 35 वर्षीय मनोरमा देवी मोहम्मदपुर देवमल के प्राथमिक विद्यालय डल्लू धनोरा में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थीं। वह रोजाना बिजनौर से स्कूटी से स्कूल आती-जाती थी। शुक्रवार की सुबह करीब 7.30 बजे स्कूटी से स्कूल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कस्बा झालू में नहटौर मार्ग पर मक्का वाले तालाब के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की भिड़ंत हो गई। शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस व परिजनों को सूचना दी गई। महिला को जिला अस्पताल भेजवाया गया। वहां शिक्षिका को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिक्षिका की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर शिक्षिका की मौत की खबर पर बड़ी तादाद में शिक्षकों की भीड़ लग गई।
हेलमेट भी नहीं बचा पाया जान
शिक्षिका मनोरमा देवी की हेलमेट भी जान नहीं बचा पाया। शिक्षिका रोज हेलमेट लगा कर स्कूटी से स्कूल आती-जाती थी। शुक्रवार को भी वह हेलमेट लगा कर स्कूल जा रही थी। डॉक्टर के अनुसार हादसे के दौरान शिक्षिका के सीने में गंभीर चोर्ट आइं। पसली टूट कर दिल में घुस गई। इस वजह से शिक्षिका की मौत हो गई।