परीक्षा केंद्र पर किया हंगामा
बिजनौर। सीबीएसई परीक्षा में देरी से आए एक छात्र को परीक्षा में बैठाने की मांग को लेकर कुछ अभिभावकों ने कॉलेज गेट पर शोरशराबा किया। इन लोगों ने बिजनौर मंडावर रोड पर यातायात बाधित करने का प्रयास किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को भगाया।
मामला माडर्न एरा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र का है। मंगलवार को इंटरमीडिएट का भौतिक विज्ञान व हाईस्कूल उर्दू का पेपर था। पेपर शुरू होने का समय सुबह 10 बजे है। परीक्षार्थियों का प्रवेश ठीक नौ बजे शुरू हो गया था। केंद्र व्यवस्थापक सीमा विश्वास के अनुसार माइक द्वारा परीक्षार्थियों को दस बजे से पहले परीक्षा केंद्र पर प्रवेश लेने के लिए कहा जा रहा था। आरोप है कि 10,10 बजे अर्थात निर्धारित समय से दस मिनट देरी से बारहवीं का एक परीक्षार्थी कॉलेज गेट पर पहुंचा। गेट पर मौजूद शिक्षकों ने देरी से आने का हवाला देते हुए प्रवेश देने से मना कर दिया। आरोप है कि गेट के बाहर खड़े अभिभावक व अन्य लोग बदसलूकी पर उतारू हो गए। गेट पर शोरशराबा शुरू कर दिया। केंद्र व्यवस्थापक मौके पर आ गईं। उन्होंने लोगों को प्रवेश नियमानुसार नहीं देने की बात कहते हुए समझाने का प्रयास किया, पर लोग नहीं माने। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने बिजनौर-मंडावर रोड पर कुछ वाहनों को जबरन रुकवा लिया। इस बीच केंद्र व्यवस्थापक सीमा विश्वास ने फोन द्वारा जिलाधिकारी सुजीत कुमार को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों को डांट फटकार का भगा दिया। सीबीएसई की जिला कोआर्डिनेटर सीमा विश्वास के मुताबिक जिले के सभी 16 केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण हुई है। परीक्षा में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान के 3089 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 3018 उपस्थित रहे हैं। हाईस्कूल उर्दू के दो छात्र पंजीकृत थे। दोनों परीक्षा देने आए।
दो दिन में दूसरी घटना
बिजनौर। सीबीएसई परीक्षा केंद्र माडर्न एरा पब्लिक स्कूल में परीक्षार्थी के देरी से आने पर हुई घटना पहली नहीं है। दो मार्च को बिजनौर पब्लिक स्कूल में दो परीक्षार्थी देरी से आए थे। आरोप है कि छात्रों के साथ आए लोग केंद्र व्यवस्थापक से उलझ बैठे थे। केंद्र पर पुलिस नहीं थी। केंद्र व्यवस्थापक के बार-बार फोन करने पर दो पुलिस कर्मी आए। आरोप है कि पुलिस ने लोगों को शांत करने के बजाय शिक्षकों को नसीहत देनी शुरू कर दी। इस घटना के बाद भी मंगलवार को पुलिस केंद्र पर नहीं आई। माडर्न एरा स्कूल में हुई लगातार दूसरी घटना से परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारी सहमे हुए हैं। केंद्रों पर पुलिस भेजने की मांग की है।
पेपर कठिन
बिजनौर। सीबीएसई इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान के पेपर को परीक्षार्थियों ने कठिन बताया है। परीक्षार्थियों के अनुसार इस बार पेपर का पैटर्न बदला हुआ था। वैल्यू बेस सवाल में छात्र को कुछ न कुछ नंबर मिल जाते थे। इस बार सिलेबस से निकाल दिया है। पेपर में न्यूमेरिकल कम बताए गए। छात्रों के अनुसार न्यूमेरिकल स्कोरिंग होते हैं। बीपीएस के फिजिक्स प्रवक्ता महेश मलिक के अनुसार सीबीएसई ने नए पैटर्न के अनुसार मॉडल पेपर बहुत पहले वेबसाइट पर डाल दिया था।