फर्जी कागजों पर बैंक से लिया ऋण
अफजलगढ़। गांव मोहम्मदपुर राजौनी निवासी ओमप्रकाश ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी खेती की जमीन के फर्जी कागज तैयार कर गांव हरकिशनपुर निवासी राजकुमार ने एचडीएफसी बैंक से आठ लाख 40 हजार का ऋण ले लिया। ऋण धामपुर एचडीएफसी बैंक शाखा से लिया गया है। जब उस पर बैंक का ऋण जमा करने का नोटिस पहुंचा तो उसे मामले की जानकारी हुई। इस संबंध में बैंक से जानकारी ली तो वह भी आनाकानी करने लगे। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की। पुलिस ने एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह सोलंकी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।