रेहड़। गांव कल्लूवाला में दुकानदार पर हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पंचायत की गई।
शनिवार की रात कई भाजपाइयों ने गांव कल्लूवाला चौकी के पास स्थित एक दुकान पर जमकर उत्पात मचाया था। सिगरेट के पैसे मांगने पर भाजपाइयों ने दुकानदार अजय रावत को पीटा। चौकी पर तैनात पुलिस मूकदर्शक होकर भाजपाइयों की करतूत को देखती रही। दुकानदार को बचाना गवारा नहीं समझा। हमले में दुकानदार घायल हो गया। उसे अस्पताल भर्ती कराया गया। इस बात से खिन्न होकर रविवार को पूर्व सैनिक कालोनियों की गांव कल्लूवाला के भूतपूर्व सैनिक आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पंचायत हुई। पंचायत में कल्लूवाला, नागंल, मीरापुर, कादराबाद, केहरीपुर, नारायणवाला, चकफेरी, मीरापुर, मोदीवाला आदि गांवों के लोग एकत्र हुए। पंचायत में आरोप लगाया कि शनिवार की रात भाजपाइयों ने गुंडागर्दी की सीमा लांघ डाली। पुलिस में तहरीर देने पर भी पीड़ित की सुनवाई नहीं कर रहा है। दुकानदार पर हमला करने के आरोप में 11 भाजपाई नामजद हैं। इनमें एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख का भाई भी बताया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। चेताया पुलिस प्रशासन ने भेदभाव किया तो वह आंदोलन की रूप अख्तियार कर सकते हैं। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राणा ने पंचायत में मौजूद वक्ताओं का आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। पंचायत में दर्शन सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति मलकीत सिंह, विनोद काला, अमर सिंह, दर्शन सिंह फौजी, ओमप्रकाश सिंह, गिरीश शर्मा, चक्रधर शर्मा, रघुवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह रहे। उधर एसओ का कहना है कि एक नामजद सहित 11 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की शुरू कर दी गई है।