टैंकरों से तेल चोरी का खेल पकड़ा
नहटौर (बिजनौर)।
नहटौर नूरपुर मार्ग पर टैंकरों से खुलेआम तेल चोरी करने वाले माफिया के खिलाफ डीएसओ और तहसील विभाग की टीम ने संयुक्त छापे मारे। इस दौरान तीन स्थानों से पैट्रोल, डीजल व केरोसिन के दस ड्रम पकड़े हैं। दर्जनों खाली ड्रम भी मिले हैं। टीम की छापेमारी के दौरान माफिया फरार हो गए।
ग्रामीणों की शिकायत है कि नहटौर-नूरपुर मार्ग पर गांव खंडसाल के पास दो स्थानों पर टैंकरों से तेल चोरी का कारोबार चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप हैं कि इसमें पुलिस की मिलीभगत से सड़क पर खुलेआम तेल चोरी हो रही थी। लगातार शिकायतों के बाद डीएसओ मनीष कुमार व तहसीलदार सुरेश कुमार की टीम ने छापे मारे। इस दौरान सड़क किनारे एक घर में बनी दुकानों को खुलवाकर उसमें से सात पैट्रोल, डीजल व केरोसिन से भरे ड्रम पकड़े गए हैं।
टीम ने छानबीन करते हुए गिदौंरी मार्ग पर भी एक घर पर छापा मारा। टीम के सक्रिय होने की सूचना मिलने पर माफिया ने वहां से ड्रम हटाकर ईख के खेत में डाल दिए। टीम के अधिकारियों ने ईख के खेत में से तेल से भरे तीन ड्रम पकड़े। टीम की कार्रवाई से तेल माफिया में खलबली है। माफिया के गुर्गे आनन-फानन में फरार हो गए। इसके अलावा टीम ने कई खाली ड्रम भी पकड़े हैं। डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि तेल चोरी के मामले में कार्रवाई की जा रही हैं।