जलीलपुर। नारनौर के खादर में अवैध खनन कर रहे लोग ग्रामीणों के विरोध के चलते भाग गए। किसान खनन करने वालों की ट्रैक्टर-ट्राली ग्रामीण गांव ले आई । एक सत्ता दल के नेता की हूटर लगी गाड़ी ने गांव में पहुंचकर फायरिंग की। इस घटना से गांव में माहौल गर्म रहा।
नारनौर के ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार की रात करीब 11 बजे खादर क्षेत्र में कुछ लोग दो ट्रैक्टर ट्राली से अवैध खनन कर रहे थे। ग्रामीणों को इसका पता चला तो उन्होंने विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध के चलते खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गए। ट्रैक्टर ट्राली को ग्रामीणों ने कब्जे में ले लिया और गांव ले आए। थोड़ी देर बाद सत्ता दल के एक नेता की हूटर लगी एक कार में सवार कुछ लोग हथियार लेकर गांव नारनौर पहुंचे तथा खूब उत्पात मचाया। कई राउंड गोली चलाकर ग्रामीणों को पीटा। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर कार में सवार लोग भाग गए। ग्राम प्रधान सतवीर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी है।
खनन माफिया की शिकायत
क्षेत्र के निवासियों ने गांव नारनौर में काले पानी वाली नदी में हो रहे खनन की मुख्यमंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी बूटी सिंह, सोमप्रकाश, वीरेंद्र, महीपाल, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, विनीत, सोनू, विपिन शर्मा आदि ने मुख्यमंत्री को की शिकायत में कहा रेत भरने वालों गांववासियों के साथ गाली गालौज करते हुए अपने को विधायक के लोग बताए। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ देर बाद एक बुलोरो गांव खानपुर खादर से हुटर बजाती हुई आई। उसमें से चार युवक निकले और गाली गलौज करते हुए कहा कि तुमने जिन ट्रैक्टर ट्राली को रोका है वे विधायक के हैं। विधायक कमलेश सैनी ने फोन पर बताया कि वे तीन दिन से लखनऊ में हैं। उनका या उनके परिवार के किसी सदस्य व रिश्तेदार का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें बदनाम करने के लिए कुछ लोग साजिश रच रहे हैं।