हल्दौर में बरातियों की बस पर हमला, 12 घायल
हल्दौर (बिजनौर)। गांव कड़ापुर में धर्मपुरा के निकट बरात लेकर जा रही बस पर पथराव कर दिया गया। युवक और उसके साथियों ने जबरन बस को रुकवा कर बरातियों के साथ मारपीट की। हमले में करीब 12 घायल बरातियों को उपचार के लिए निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया गया है। वर पक्ष के पिता व ग्रामीणों ने फरार हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव कड़ापुर में करीब दस दिन पूर्व राजीव के पुत्र निकुल का तिलकोत्सव समारोह था। ग्रामीणों के अनुसार लड़के के एक रिश्तेदार युवक ने तिलक करने के दौरान हर्ष फायरिंग कर दी थी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई थी। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया था। राजीव की तहरीर पर पुलिस ने उस समय फरार आरोपी युवक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की थी। ग्रामीणों के अनुसार रविवार की शाम निकुल की बरात की बस थाना मंडावर क्षेत्र के गांव सफियाबाद जा रही थी। मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर स्थित गांव धर्मपुरा के निकट शाम करीब सात बजे हर्ष फायरिंग के आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चलती बस पर पत्थर फेंककर उसे जबरन रुकवा लिया। हमलावर तमंचे व लाठी डंडे लेकर बस में घुस गए। विरोध करने पर आरोपियों ने बरातियों की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। हमले में करीब 12 बराती घायल हो गए। हमलावर बरातियों को भुगत लेने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पत्थर लगने से बस का शीशा भी टूट गया। इसमें घायल धर्मेंद्र, हरपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह , दीपक, लक्ष्मण सिंह, परवेन्द्र सिंह, वीर सिंह आदि को बस में सवार अन्य लोगों ने उन्हें निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया। बस में सवार बराती बस को लेेेकर थाना कोतवाली शहर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने मामला हल्दौर थाने का बताकर टरका दिया। बरात की बस वधू पक्ष के यहां न पहुंच सकी। बरात की बस न पहुंचने पर वहां पर मौजूद वर पक्ष के पिता व अन्य लोगों ने शादी की रस्में पूरी की। वर पक्ष के पिता राजीव, दीपक, चतर सिंह, गजराज, सुरेश सिंह, देवेंद्र सिंह, छोटे सिंह, सतेंद्र सिंह ने हर्ष फायरिंग करने वाले थाना कोतवाली शहर के सिहोरा निवासी रचित कुमार समेत करीब एक दर्जन नामजद व करीब एक दर्जन ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले की तहरीर पुलिस को दी।