हरेवली। वन रक्षक के साथ हुई मारपीट के मामले में अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वन रक्षक सुनील राजौरा ने वन विभाग के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। सामाजिक वानिकी नगीना के वन रक्षक सुनील राजौरा शनिवार को वन्यजीवों केे शिकार करने की सूचना मिलने पर बैराज पर गए थे। शिकारी वन रक्षक को देख वहां से भाग गए थे। वन रक्षक ने आरोपी शिकारियों का अपनी बाइक से उनके घर तक पीछा किया था। जब वन रक्षक हरेवली गांव में शिकारियों के घर में घुसने की वीडियो बना रहा था, तब चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। सुनील राजौरा ने घटना की शिकायत हरेवली चौकी के दारोगा से की थी। मगर, पुलिस ने रिपोर्ट कायम नहीं की। रविवार को पीड़ित वन रक्षक ने एसओ को तहरीर देकर रिपोर्ट कायम कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसओ पंकज कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।