बिजनौर। दलित आंदोलन के दौरान शास्त्री चौक पर जैन स्वीट सेंटर पर तोड़फोड़ करने वाले अज्ञात दलित युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दो अप्रैल को एससीएसटी एक्ट से जुड़े मामले में दलित संगठनों के बैनर तले शास्त्री चौक पर जमकर हंगामा किया गया था। दलित समाज के युवकों ने शास्त्री चौक पर जाम लगाकर दुकानों में तोड़फोड़ व लूटपाट की थी। शास्त्री चौक स्थित जैन स्वीट सेंटर में भी तोड़फोड़ की गई थी। स्वीट सेंटर के स्वामी संजीव जैन ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शहर कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दबाव बढ़ता गया। सोशल मीडिया पर भी रिपोर्ट दर्ज न करने के लिए शहर कोतवाली पुलिस पर खूब कटाक्ष किए गए। बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। रिपोर्ट धारा 147 व 427 में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने से तोड़फोड़ करने वाले दलित युवकों में खलबली मची है। पुलिस हंगामे के दौरान बनाई वीडियो फुटेज व दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से तोड़फोड़ करने वालों को खंगालने में जुटी है। शहर कोतवाल फतेह सिंह के मुताबिक दुकान में तोड़फोड़ करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। तोड़फोड़ करने वालों की तलाश की जा रही है।