नजीबाबाद । बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्टोन क्रेशर के गार्ड को तमंचे के बल पर लूट लिया। बदमाशों ने गार्ड के साथ जमकर मारपीट की।
गांव पुरनपुर गढ़ी में निवासी मुस्तकीम लुकादड़ी क्षेत्र में स्थित एक स्टोन क्रेशर पर गार्ड है। शुक्रवार रात लगभग आठ बजे मुस्तकीम अपनी साइकिल से स्टोन क्रेशर पर ड्यूटी देने के लिए चला तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने गांव चौगांवा क्षेत्र में पूर्वी गंग नहर पुल के निकट मुस्तकीम को रोक लिया। बदमाशों ने मुस्तकीम को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उससे लूटपाट की। बदमाशों ने तमंचे की नोक पर मुस्तकीम से उसका मोबाइल और एक हजार रुपये की नगदी लूट ली। सुनसान क्षेत्र में हुई घटना में मुस्तकीम के साथ बदमाशों ने जमकर मारपीट की। घटना के बाद मुस्तकीम ने ग्रामीणों के साथ नजीबाबाद पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बदमाशों की तलाश की लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला। मुस्तकीम की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है।