बसपा नेता संग गई युवती की बरामदगी की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (बिजनौर)।
बसपा नेता गौहर इकबाल के साथ गई युवती की बरामदगी की चर्चा है। युवती के गांव के लोगों का कहना है कि युवती बरामद कर चुकी है, जबकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। पहले थाना प्रभारी ने युवती की बरामदगी की बात को मीडिया के सामने स्वीकार किया, लेकिन बाद में मुकर गए।
बसपा नेता गौहर इकबाल 16 जुलाई को गांव नंगली पथवारी से एक युवती को लेकर फरार हो गया था। युवती की मां ने 20 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला बसपा के बड़े नेता से जुड़ा होने के चलते हाईप्रोफाइल हो गया है। अंदरखाने भाजपा व सपा नेता भी इस मामले में गौहर इकबाल को पटखनी देने के मूड में हैं। सोमवार को पुलिस ने एक युवती को नहटौर चौक से बरामद किया। मीडियाकर्मियों ने पूछताछ की तो पुलिस ने उसे गौहर इकबाल के साथ फरार होने वाली युवती बताया। शाम को पुलिस कहने लगी कि वह फरार युवती की बड़ी बहन है। युवती के गांव के लोगों का कहना है लड़की बरामद हो चुकी है और पुलिस ने उसे थाने में ही रखा है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने युवती की बरामदगी से इंकार किया है।
गौहर का बसपा से ताल्लुक नहीं : जिलाध्यक्ष
युवती को फुसलाकर ले जाने के आरोपी गौहर इकबाल से बसपा ने भी किनारा कर लिया है। गौहर इकबाल ने बसपा के टिकट पर 2017 में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। बसपा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह का कहना है कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ ही गौहर इकबाल को भी पार्टी से निकाल दिया गया था। उसका बसपा से अब कोई मतलब नहीं है।