-छापेमारी में टीम ने किरतपुर से जब्त की 10 लाख की मिठाई
-शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की कार्रवाई
-मिठाइयों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने किरतपुर में छापेमारी कर 10 लाख रुपये की मिठाई जब्त की। पीला रंग डालकर साेनपापड़ी और बुरादा मिलाकर मलाई पेड़ा बनाया जा रहा था।
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम किरतपुर में एक घर पर छापेमारी की। वहां पर मिलावटी मिठाई बनाई जा रही थी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह के अनुसार वह बिना लाइसेंस प्रतिष्ठान चलाया जा रहा था। साथ ही मिलावटी मिठाई बनाकर बाजार में बेच रहा था। जिलाधिकारी की आरे से इस मामले की सूचना दी गई थी। जिसके बाद कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कोकोनट पेड़ा, स्पेशल मलाई पेड़ा, सोनपापड़ी, पेड़ा खोपरा, कोकोनट पाउडर का नमूना एकत्र कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके अलावा 10 लाख रुपये की मिठाइयां भी जब्त कर ली हैं। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, जितेंद्र कुमार, हितेंद्र पाल सिंह, रामवीर सिंह मौजूद रहे।
कारोबार स्थल में गंदगी मिलने पर चालान की तैयारी
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह के बताया कि मौके पर प्रयुक्त पानी की भौतिक व रासायनिक जांच रिपोर्ट नहीं मिली। कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। कीड़ो, चूहों, छिपकली आदि से बचाव के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। प्रतिष्ठान मालिक के खिलाफ कारोबार स्थल पर गंदगी मिलने का चालान कराया जा रहा है। सुधार सूचना नोटिस भी जारी किया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आते ही मुकदमे किए जाएंगे।
वर्जन::
किरतपुर में मिलावटी मिठाई बनाकर बेचने की सूचना मिली थी। जानकारी सही पाए जाने पर प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई। छापेमारी में 10 लाख की मिठाई जब्त की गई हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। ....नादिर अली, खाद्य अभिहित अधिकारी, बिजनौर