संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। विद्युत निगम के अवर अभियंता ने कार्यरत एक संविदा कर्मी पर कई लोगों को बिना कनेक्शन के बिजली चोरी कराने का आरोप है। अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संविदा कर्मी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र कोतवाली शहर के ग्राम नया गांव निवासी रवि कुमार विद्युत निगम में पेट्रोल मैन के पद पर संविदा कर्मी के रूप में लगभग 11 वर्षों से कार्यरत है। रवि कुमार शादीपुर विद्युत उपकेंद्र में कार्य करता है। आरोप है कि शादीपुर उपकेंद्र से जुड़े कई गांव में बिना घरेलू कनेक्शन लिए ही लोगों के घर में बिजली लाइन से केवल बांधकर विद्युत चोरी कराई जा रही थी। इसकी जानकारी अवर अभियंता को मिलने के बाद इस बाबत रवि कुमार को तलब किया गया। आरोप है कि रवि कुमार ने जेई सुधीर कुमार के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने और जहर खाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
तहरीर में बताया गया है कि रवि कुमार द्वारा ग्राम बरुकी में इमरान, रमन सिंह, विक्की, चंद्रशेखर, श्यामलाल, राजवीर, रईस आलम, मनिंदर, श्याम सिंह, सोनू, बॉबी, शराफत, तस्लीम, ग्राम इस्लामपुर थम्बूचाउ निवासी नुसरत के घर में बिना कनेक्शन के केवल बांधकर विद्युत चोरी कराई गई है। जेई सुधीर कुमार की तहरीर पर पुलिस द्वारा रवि कुमार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।